क्या महाराष्ट्र में सरकार बनाने की स्थिति में आ गई है भाजपा

महाराष्ट्र में सियासी संकट जारी है। विधान परिषद के चुनावों में क्रॉस वोटिंग का फायदा सीधे-सीधे भाजपा को हुआ और इसके साथ ही शिवसेना के विधायकों की बगावत खुलकर सामने आ गई। मुंबई से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा है और बैठकों का दौर जारी है। शिवसेना के कद्दावर नेता रहे एकनाथ शिंदे पर पूरे देश की नजर है, जिनका दावा है कि उनके साथ 40 विधायक हैं। इस बीच, हर किसी से जेहन में एक ही सवाल है कि क्या उद्धव ठाकरे गिर जाएगी? क्या भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने की स्थिति में हैं? इसके लिए महाराष्ट्र विधानसभा का गणित समझना जरूरी है। महाराष्ट्र विधानसभा में अभी 287 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए बहुमत का जरूरी आंकड़ा 144 का है।
#Maharashtra: जल्दबाजी के मूड में नहीं भाजपा
भाजपा इस बार जल्दबाजी के मूड में नहीं है। इतना कुछ होने के बाद भी भाजपा के किसी बड़े नेता का बयान नहीं आया है। भाजपा में भी हलचल जरूर है, लेकिन पार्टी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। माना जा रहा है कि यह सियासी ड्रामा अभी करीब एक हफ्ते और चल सकता है। आगे यह संभव है कि एकनाथ शिंदे का गेम प्लान पुख्ता होने के बाद भाजपा की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया जा सकता है या उद्धव ठाकरे सरकार से बहुमत साबित करने के लिए कहा जा सकता है। अभी एकनाथ शिंदे के साथ कितने विधायक हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं है। मंगलवार सुबह यह आंकड़ा 12 था, जो बढ़कर 22, फिर 27 और 36 हो गया। शिवसेना ने कहा कि उसके पास 55 में से 35 विधायक हैं। वहीं बुधवार सुबह गुवाहाटी एयरपोर्ट पर एकनाथ शिंदे के साथ 40 विधायक देखे गए।



