हमारी खबरों को लगातार दिखाने के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान: मिर्जापुर में लूट की घटना पर पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई, 7 पुलिसकर्मी निलंबित

मेघा तिवारी की रिपोर्ट (उत्तर प्रदेश)
मिर्जापुर जिले के थाना लालगंज क्षेत्र स्थित ग्राम बस्तरा पाण्डेय में स्थित ज्ञान गंगा फीलिंग स्टेशन पर हुई लूट की घटना के बाद पुलिस विभाग ने कर्तव्यपालन में लापरवाही बरतने के आरोप में सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात बदमाशों ने फीलिंग स्टेशन के कैशियर और सेल्समैन को धमका कर लूटपाट की।
घटना के बाद पुलिस विभाग द्वारा घटनास्थल पर उचित कार्रवाई न करने और लापरवाही बरतने के आरोप में यह कड़ी कार्रवाई की गई। लूट की वारदात के समय पुलिस की गश्त की स्थिति पर सवाल उठे थे, जिसके परिणामस्वरूप इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मी निम्नलिखित हैं:
1. थाना प्रभारी लालगंज – उप निरीक्षक आत्मा राम यादव
2. पीआरवी आरक्षी – संतोष कुमार
3. उप निरीक्षक – केशनाथ राम
4. मुख्य आरक्षी – संतोष चौधरी
5. आरक्षी (द्वितीय मोबाइल) – बाबू लाल
6. मुख्य आरक्षी – निलेश कुमार यादव
7. आरक्षी – कुलदीप कुमार
यह कदम पुलिस प्रशासन द्वारा कर्तव्यपालन में लापरवाही के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत उठाया गया है। पुलिस विभाग ने इस घटना की गंभीरता को समझते हुए निलंबित कर्मियों के खिलाफ आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, घटना की जांच तेज कर दी गई है और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम प्रयासरत है।
यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन के लिए एक सख्त संदेश है कि कर्तव्य में कोताही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।



