एसबीआई द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का सफल शुभारंभ, छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध से बचाव हेतु महत्वपूर्ण कदम


मेघा तिवारी।रायपुर छत्तीसगढ़, 2 दिसंबर 2024: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे से बचने के लिए एक व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस अभियान का शुभारंभ बैरन बाजार स्थित एसबीआई के प्रशासनिक कार्यालय में बैंक के महाप्रबंधक राम कुमार तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डॉ. संतोष कुमार सिंह, आईपीएस एवं एसएसपी रायपुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
महाप्रबंधक राम कुमार तिवारी ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के कारण ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी ग्राहकों से सावधानी बरतने की अपील की और बैंकिंग लेन-देन के दौरान सतर्क रहने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया और यह सुनिश्चित किया कि बैंक अपने ग्राहकों के धन और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार सिंह, आईपीएस ने साइबर अपराध के विभिन्न रूपों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ट्राई फोन धोखाधड़ी, ऑनलाइन नौकरी के लालच, पार्सल फर्जीवाड़ा और अन्य सामान्य धोखाधड़ी तरीकों के बारे में बताया। डॉ. सिंह ने ग्राहकों से आग्रह किया कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश का जवाब न दें और साइबर अपराध की रिपोर्ट तत्काल हेल्पलाइन 1930,
कार्यक्रम के समापन पर एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस, बैंक कर्मचारी और ग्राहकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा, एसबीआई द्वारा एक साइबर जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन छत्तीसगढ़ राज्य के 33 जिलों में 2 दिसंबर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक दौरे करेगी और साइबर अपराध से बचने के उपायों को लेकर नुक्कड़ नाटक, वीडियो और ऑडियो के माध्यम से जागरूकता फैलाएगी।
एसबीआई के उपमहाप्रबंधक राकेश कुमार सिन्हा और क्षेत्रीय प्रबंधक विभाष कुमार ने इस अभियान की सराहना की और कहा कि यह कदम छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में बेहद प्रभावी साबित होगा।
इस कार्यक्रम में रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बैंक के कर्मचारी, ग्राहकों और मीडिया के सदस्य उपस्थित थे। सभी ने इस महत्वपूर्ण पहल को सराहा और इसे समाज के हर वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।



