छोटे भाई के लिए चुनाव प्रचार करते हुए रितेश देशमुख ने सरकार को घेरा बोले- धर्म नहीं पार्टी खतरे में

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख ने अपने भाई और कांग्रेस नेता धीरज देशमुख के लिए चुनाव प्रचार किया। कांग्रेस के लिए प्रचार करते हुए उन्होंने कहा कि लोग दावा करते हैं कि उनका धर्म खतरे में हैं, लेकिन वास्तव में उनकी पार्टी खतरे में है। रितेश लातूर में अपने भाई के लिए प्रचार कर रहे हैं। इस क्षेत्र में धीरज का सामना भाजपा के रमेश कराड से होने वाला है। रविवार की रात एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो ईमानदारी से काम नहीं करते हैं, उन्हें धर्म की जरूरत पड़ती है। बॉलीवुड स्टार ने बेरोजगारी के मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार को भी घेरा।

 

रितेश देशमुख ने किया अपने छोटे भाई के लिए प्रचार
रविवार को अपने छोटे भाई धीरज देशमुख के लिए प्रचार करते हुए रितेश देशमुख ने एक रैली को संबोधित किया। इस रैली में उन्होंने कहा, “भगवान श्रीकृष्म कहते हैं कि कर्म ही धर्म है। जो ईमानदारी से अपना काम करता है, वह धर्म कर रहा है। धर्म की जरुरत उन्हें होती है जो काम नहीं करते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “जो यह दावा करते हैं कि उनका धर्म खतरे में हैं, यह उनकी पार्टी है जो खतरे में है। वे अपनी पार्टी और खुद को बचाने के लिए अपने धर्म से प्रर्थना करते हैं। उन्हें बोल दीजिए कि हम अपने धर्म की रक्षा कर लेंगे, आप पहले विकास पर बात कीजिए।”

 

महाराष्ट्र सरकार को घेरा
रैली को संबोधित करते हुए अभिनेता ने महाराष्ट्र सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य के पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार हैं। उन्हें रोजगार देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि किसानों को उनके उत्पादों के अच्छे मूल्य नहीं मिल रहे हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में धीरज देशमुख ने 1.21 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। रितेश ने लोगों से अपने भाई को वोट देने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के युवाओं से वोट के महत्व को समझने का भी आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button