राष्ट्रीय

महाविकास अघाड़ी में सीएम पद के लिए कोई टकराव नहीं’, विधानसभा चुनाव पर आदित्य ने दी प्रतिक्रिया

शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पद के लिए महाविकास अघाड़ी पार्टियों के बीच कोई टकराव नहीं है। उन्होंने बताया कि भाजपा, शिवसेना और राकांपा की महायुति गठबंधन को सत्ता से हटाना ही विपक्षी गठबंधन का लक्ष्य है। भारी बारिश के कारण छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, हिंगोली और नांदेड़ जिलों के क्षतिग्रस्त इलाकों का दौरा करने से पहले ठाकरे ने चिकलथाना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात की।

 

शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा, “यह स्पष्ट है कि हमारी लड़ाई किसी के खिलाफ नहीं है। यह महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ है। हम वर्तमान सरकार को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं। यही हमारा मुख्य लक्ष्य है।” हालांकि, शरद पवार ने कहा था कि मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार का चयन चुनाव के बाद होगा। उनके इस बयान को लेकर आदित्य ठाकरे से सवाल किया गया। उन्होंने कहा, “यह ठीक है। चर्चा की जाएगी। कोई भी मुख्यमंत्री के पद के लिए नहीं लड़ रहा है।”

 

आदित्य ठाकरे ने आगे कहा, “सीटों को लेकर रस्साकशी होने की उम्मीद है। हर कोई सभी सीटों पर दावा कर सकते हैं।” सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि शासक मुंबई को बेच रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुंबई में कुल 256 सॉल्टपैन उद्योगपति गौतम अदाणी को दे दिए गए।”

सीट बंटवारे पर कांग्रेस नेता ने दी प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जब महाविकास अघाड़ी की बैठक होगी, तब सीट बंटवारा होगा। बैठक में हर चीज को लेकर चर्चा होगी। हम 288 सीटों की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि महाराष्ट्र में भ्रष्ट और कमीशन खोर सरकार को बाहर कर दिया जाए। यही कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य है। योग्यता के आधार पर निर्णय लिए जाएंगे। हम इसपर काम कर रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button