UP में दिल दहलाने वाली घटना: खेत में बंधी मिलीं तीन नाबालिग दलित लड़कियां, दो की मौत

उन्नाव में बुधवार को दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। असोहा थाना क्षेत्र के बबुरहा गांव में बुधवार देर शाम एक खेत में तीन दलित किशोरियां बेहोशी की हालत में दुपट्टे से बंधी पड़ी मिलीं। इनमें दो की मौत हो चुकी थी जबकि एक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर पहुंचे एसपी ने बताया कि जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। सीएचसी ईएमओ डॉ. विमल आर्या ने जहरीला पदार्थ निगलने से मौत की आशंका जताई है।
चारा लेने गई थी तीनों किशोरियां, तीनों के हाथ बंधे मिले
बबुरहा गांव के संतोष वर्मा की बेटी कोमल (16), सूरज पाल वर्मा की पुत्री काजल (13) और सूरज बली की बेटी रोशनी (17) दोपहर के बाद मवेशियों के लिए चारा लेने खेत में गई थीं। देर शाम तक जब तीनों घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी। सूरजपाल के खेत में पहुंचे तो तीनों किशोरियां अचेत पड़ी थीं। एक ही दुपट्टे से तीनों के हाथ बंधे थे। कोमल और काजल की मौत हो चुकी थी। रोशनी की सांसें चल रही थीं।



