राष्ट्रीय

मुर्मु, मोदी ने भारतीय हॉकी टीम को पदक जीतने पर बधाई दी

 

नयी दिल्ली ।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई नेताओं ने पेरिस ओलंपिक 2024 खेलों में गुरुवार को स्पेन को हराकर कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “पेरिस ओलंपिक में

कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई, यह पाँच दशक से भी अधिक समय के बाद हुआ है जब भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में

कांस्य पदक जीते हैं। भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम सबसे अधिक प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा

दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और जुझारूपन हमारे युवाओं को

प्रेरित करेगा। भारतीय हॉकी टीम, बहुत बढ़िया।”

श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, “एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियाँ याद रखेंगी, भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई।”

उन्होंने कहा, “हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।”

श्री बिरला ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “पेरिस ओलंपिक में पदक हासिल कर हमारी हॉकी टीम ने हर भारतीय का मस्तक ऊंचा किया है। कड़ी मेहनत, जुनून और टीम वर्क से मिली इस जीत का श्रेय टीम के हर एक खिलाड़ी को जाता है। अपने बेहतरीन प्रदर्शन से आपने करोड़ों देशवासियों को गर्व से भर दिया। टीम से जुड़े सभी कोच और सपोर्ट स्टाफ को भी बधाई।’ अनंत बधाई, अपार अभिनंदन।

Related Articles

Back to top button