राष्ट्रीय

कंगना रनौत संग थप्पड़ कांड पर बोले विक्रमादित्य सिंह, सांसद पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी Kangana Ranaut के खिलाफ हुई इस घटना को लेकर CISF के महानिदेशक को एक पत्र लिखा है.

 

भारतीय जनता पार्टी की नवनिर्वाचित सांसद और एक्टर कंगना रनौत को थप्पड़ (Kangana Ranaut slapped) मारने वाली महिला सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है. स्थानीय पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है और पूछताछ की जा रही है. आरोपी महिला कुलविंदर कौर CISF में कॉन्स्टेबल हैं. 6 जून को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उनकी ड्यूटी थी. उसी दौरान कंगना रनौत वहां पहुंचीं. उन्हें दिल्ली पहुंचना था. लेकिन फ्लाइट पकड़ने से पहले ही कथित तौर पर कुलविंदर कौर ने बीजेपी नेता को थप्पड़ मार दिया. इस घटना की किसान नेता और दूसरे राजनीतिक दलों के नेता भी आलोचना कर रहे हैं.

कांग्रेस नेता और कंगना के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने वाले विक्रमादित्य सिंह ने इस घटना की निंदा की है. उन्होंने सरकार से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. विक्रमादित्य ने समाचार एजेंसी ANI से कहा,

 

“यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए. खासकर, एक महिला के साथ जो अब एक सांसद हैं. अगर इनके साथ एक सुरक्षाकर्मी की तरफ से बदसलूकी की गई है तो यह दुखद है. ऐसा सुनने में आ रहा है कि उनकी (सुरक्षाकर्मी) किसान आंदोलन को लेकर कुछ शिकायत थी. अपनी बात रखने का एक संवैधानिक तरीका है. लेकिन एक सुरक्षाकर्मी अगर इस तरीके से किसी पर हमला करे तो ये सही नहीं है. हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हैं. सरकार को इसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इसकी जांच चल रही है. उन्होंने ANI से कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अगर सुरक्षाबल में लगा व्यक्ति ऐसा करता है तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है. किसान आंदोलन की बात को लेकर सैनी ने कहा कि जो भी हो, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था.

 

दरअसल, घटना के बाद आरोपी कुलविंदर कौर का बयान भी सामने आया है. उनका कहना है कि वो कंगना के किसान आंदोलन के दौरान दिए गए बयान से आहत थीं. 2021 में किसान आंदोलन के दौरान कंगना ने कहा था कि आंदोलन में शामिल महिलाएं ‘100-100 रुपये लेकर’ धरने पर बैठने आती हैं. कुलविंदर का कहना है कि उस दौरान उनकी मां भी किसान आंदोलन में शामिल थीं, इसी वजह से उन्होंने कंगना को थप्पड़ मारा.

 

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी इस घटना की निंदा करते हुए आरोपी कुलविंदर कौर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आयोग ने कहा कि अध्यक्ष रेखा शर्मा ने घटना को लेकर CISF के महानिदेशक को एक पत्र लिखा है.

 

 

 

Related Articles

Back to top button