माकपा ने 16 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार, कांग्रेस की उम्मीदों को लगा झटका

पश्चिम बंगाल में माकपा-लेफ्ट ने 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर कांग्रेस की उम्मीदों को झटका दे दिया है। सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस के साथ बातचीत के बीच, वाम मोर्चा ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से 16 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने कहा कि 16 में से 14 उम्मीदवार नए और युवा हैं।
कब तक करेंगे कांग्रेस का इंतजार?
कोलकाता दक्षिण से माकपा के सायरा शाह हलीम, दम दम से सुजन चक्रवर्ती, जादवपुर से सृजन भट्टाचार्य, सेरामपुर से दिप्सिता धर, तमलुक से सायन बनर्जी को मैदान में उतारा। बोस ने कहा, “हमने केवल 16 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। राज्य कांग्रेस के नेता इस समय अपने आलाकमान से बात करने के लिए नई दिल्ली में हैं। इसलिए, उन्हें वापस आने दें और फिर हम चर्चा करेंगे। देखते हैं क्या होता है।” जब उनसे सवाल किया गया कि वो कब तक कांग्रेस का इंतजार करेंगे। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा शनिवार को अपने घटक दलों – माकपा, सीपीआई, फॉरवर्ड ब्लॉक और आरएसपी – के साथ फिर से चर्चा करेगा। उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस पार्टी समय का उपयोग करना चाहती हैं तो हम भी इसके लिए तैयार हैं।” पिछले लोकसभा चुनाव में वाम मोर्चा एक भी सीट नहीं जीत सका था। 2021 के विधानसभा चुनावों में भी उसे कोई फायदा नहीं हुआ। उधर टीएमसी ने सभी 42 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि बीजेपी ने 20 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं



