तेलंगाना, तमिलनाडु , बंगाल समेत सात राज्यों में छापेमारी।, मोबाइल-लैपटॉप और विदेशी मुद्रा जब्त

जेल में कट्टरपंथ फैलाने के मामले को बेंगलुरु लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) मामले के रूप में जाना जाता है। इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज सात राज्यों में कई स्थानों पर छापे मारे। जांच अधिकारियों ने नकदी के साथ-साथ कई डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। एनआईए की टीमों ने आज सुबह कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल में विभिन्न स्थानों पर संदिग्धों के परिसरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 25 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप और 4 स्टोरेज डिवाइस, विभिन्न देशों के करेंसी नोटों के अलावा विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद हुई।
जनवरी में एनआईए ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। आरोप पत्र में शामिल आरोपियों में केरल के कन्नूर का टी नसीर भी शामिल है। नासिर 2013 से ही सेंट्रल जेल, बंगलूरू में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। जुनैद अहमद उर्फ ‘जेडी’ और सलमान खान के विदेश भाग जाने का संदेह है। यह मामला मूल रूप से पिछले साल 18 जुलाई को सामने आया था। बंगलूरू सिटी पुलिस ने सात आरोपियों के कब्जे से सात पिस्तौल, चार हथगोले, एक मैगजीन और 45 लाइव राउंड के साथ चार वॉकी-टॉकी सहित हथियार और गोला-बारूद जब्त करने के बाद मामला दर्ज किया था।



