शॉपिंग प्लाजा में लगी भीषण आग, बगल में स्थित कपड़े की दुकान भी आई चपेट में

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार तड़के एक शॉपिंग प्लाजा में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठने लगीं जो दूर से ही दिखाई दे रही थीं। इस दौरान आग ने बगल में स्थित कपड़े की दुकान को भी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पहुंचे फायरकर्मियों ने प्लाजा का शटर काटकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामला तेलीपारा कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

आग लगने से प्लाजा का सामने और पीछे का हिस्सा जलकर खाक हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, तेलीपारा मुख्य मार्ग पर गजेंद्र प्लाजा स्थित है। सोमवार तड़के करीब 4 बजे लोगों ने प्लाजा से धुआं निकलते देखा तो पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेडकर्मी मौके पर पहुंचते, इससे पहले आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते-देखते प्लाजा से ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। इस बीच पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्लाजा का सामने और पीछे का हिस्सा आग से जलकर राख

आग लगने से प्लाजा का सामने और पीछे का हिस्सा जलकर राख हो गया। वहीं प्लाजा के बगल में स्थित इंडिया रेडिमेड गारमेंट हाउस को भी आग की चपेट में आकर नुकसान हुआ है। दुकान का कुछ हिस्सा जल गया है। आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं प्लाजा और दुकान में हुए नुकसान का भी अभी आकलन नहीं हो सका है।

Related Articles

Back to top button