पीएम मोदी ने कहा हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनके उभरेगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इस भाषण में पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद, भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, अर्थव्यवस्था राम मंदिर समेत कई मुद्दों पर बात की। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन पर भी जुबानी हमले किए।
परिवारवाद पर हमला
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘अगर किसी परिवार में अपने बलबूते पर, जनसमर्थन से, एक से अधिक लोग राजनीतिक क्षेत्र में प्रगति करते हैं तो उसे हमने परिवारवाद नहीं कहा। हम परिवारवाद उसे कहते हैं जब परिवार पार्टी चलाता है, परिवार के लोगों को प्राथमिकता देता है, सारे निर्णय परिवार के लोग करते हैं, वो परिवारवाद है।’
बंटवारे का आरोप
पीएम ने कहा, ‘कब तक टुकड़ों में सोचते रहोगे, कब तक समाज को बांटते रहोगे, बहुत तोड़ा देश को… अच्छा होता कि जाते-जाते तो कम से कम इस चर्चा के दरम्यान कुछ सकारात्मक बातें होती, कुछ सकारात्मक सुझाव आते। लेकिन हर बार की तरह आपने देश को काफी निराश किया।’
उसी उत्पाद को दोबारा लॉन्च करने के चक्कर में कांग्रेस पार्टी की दुकान बंद होने की कगार पर है।
अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर पीएम ने बात की। उन्होंने कहा, ‘शासन के 10 वर्षों के अनुभव के आधार पर, आज की मजबूत अर्थव्यवस्था और आज भारत जिस तीव्र गति से प्रगति कर रहा है, उसे देखते हुए मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। ये मोदी की गारंटी है।’
तीसरे कार्यकाल की भविष्यवाणी
पीएम ने कहा, ‘हमने अपने पहले कार्यकाल में यूपीए के समय के जो गड्ढे थे, उस गड्ढे को भरने काफी समय और शक्ति लगाई। हमने अपने दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी और तीसरे कार्यकाल में हम विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे।’
‘अब हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल भी बहुत दूर नहीं है। ज्यादा से ज्यादा 100-125 दिन बाकी हैं और पूरा देश कह रहा है… अबकी बार 400 पार। 2024 के लोकसभा चुनाव में NDA को तो 400 पार सीटें मिलेंगी ही… लेकिन देश, भाजपा को 370 सीटें अवश्य देगा।’
राम मंदिर का उल्लेख
अयोध्या में हाल ही में राम मंदिर का उद्घाटन हुआ। पीएम ने अपने भाषण में कहा, ‘भगवान राम न सिर्फ अपने घर लौटे, बल्कि एक ऐसे मंदिर का निर्माण हुआ, जो भारत की महान संस्कृति-परंपरा को नई ऊर्जा देता रहेगा। हमारा तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसलों का होगा… मैंने लाल किले से कहा था और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय भी दोहराया था कि देश को अगले हजार वर्षों तक समृद्ध और सिद्धि के शिखर पर देखना चाहता हूं। तीसरा कार्यकाल अगले 100 वर्षों के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल होगा।’
नारी शक्ति और युवाओं की बात
पीएम ने कहा, ‘आज युवाओं के लिए जितने नए अवसर बने हैं, ये पहले कभी नहीं बने। आज चारों तरफ स्टार्टअप्स की गूंज है, यूनिकॉर्न्स चर्चा में है। 2014 के पहले डिजिटल इकोनॉमी की साइज ना के बराबर थी। आज भारत, दुनिया की अग्रणी डिजिटल इकोनॉमी है। लाखों युवा इससे जुड़े हैं।
‘आज हमारी नारी शक्ति… ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही है। आज वुमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप से 10 करोड़ बहनें जुड़ी हैं। आज देश में करीब-करीब 1 करोड़ लखपति दीदी बनी हैं। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है।’
भ्रष्टाचार पर प्रहार
पीएम ने भाषण में भ्रष्टाचार बात की। उन्होंने कहा, ‘पहले सदन का पूरा समय घोटालों की चर्चा में जाता था, भ्रष्टाचार की चर्चा में जाता था। लगातार एक्शन की मांग होती थी, चारों तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार की ही खबरें होती थीं। आज जब भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होती है तो ये लोग उनके समर्थन में हंगामा करते हैं।’



