दुर्गा पूजा के लिए मिट्टी लेने गईं 3 किशोरियां तालाब में डूबीं, एक ही घर से तीन अर्थियां उठीं तो रो पड़ा पूरा गांव

दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के मुरैठा गांव में शुक्रवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पूजा के लिए मिट्टी लाने गई तीन किशोरियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान विनोद ठाकुर की 12 वर्षीय बेटी अमृता कुमारी, रामनाथ ठाकुर की 13 वर्षीय बेटी संगीता कुमारी और राजकुमार ठाकुर की 14 वर्षीय बेटी किरण कुमारी के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों किशोरियां दीपावली व दुर्गा पूजा को लेकर मिट्टी के दीये बनाने के लिए तालाब से मिट्टी लाने गई थीं। इस दौरान पैर फिसलने से एक बच्ची तालाब में गिर गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी गहरे पानी में चली गईं और तीनों की डूबकर मौत हो गई।
घटना के समय तालाब के पास बकरी चरा रहे एक बच्चे ने यह दृश्य देखा और शोर मचाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद तीनों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर जाले थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



