न्यूजीलैंड को भारत ने चार विकेट से हराया, विराट शतक से चूके; भारत अंक तालिका में शीर्ष पर

धर्मशाला: भारत आखिरी बार विश्व कप 2003 में न्यूजीलैंड से किसी भी आईसीसी इवेंट में जीता था। फिलहाल टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों का उस समय किसी को अता-पता नहीं था। उसके बाद कई ऐसे मौके आए जब कीवी टीम ने करोड़ों भारतीयों का दिल चकनाचूर किया। यह हव्वा बन गया कि भारतीय टीम न्यूजीलैंड से खौफ खाती है। विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में धोनी का रनआउट और भारत की हार भला कौन भूल सकता है। WTC की ट्रॉफी भी केन विलियमसन की टीम ले उड़ी, लेकिन आज भारत इतिहास पलटने उतरा था और पलट भी दिया। भारत ने मोहम्मद शमी (54/5) की कातिलाना गेंदबाजी के बाद विराट कोहली (95), रोहित (46) और आखिरी समय में रविंद्र जडेजा की जबरदस्त बैटिंग के दम पर न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल के शतक के दम पर 273 रनों का स्कोर खड़ा किया था। विश्व कप 2023 में भारत की यह लगातार 5वीं जीत है और वह 10 अंकों के साथ अब पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने के साथ ही सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाइ करने के और भी करीब पहुंच गया है।
रोहित-गिल ने दिया भारत को जोरदार आगाज
न्यूजीलैंड के 274 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने दमदार आगाज किया। कप्तान रोहित शर्मा ने दूसरी गेंद पर ट्रेंट बोल्ट को झन्नाटेदार चौका जड़ते हुए टीम का खाता खोला तो अगले ही ओवर में मैट हेनरी को लगातार दो गेंदों में छक्का और चौका जड़ते हुए बता दिया कि इस बार इतिहास पलटने वाला है। इसके साथ ही रोहित ने इस 2023 कैलेंडर इयर में छक्कों का अर्धशतक पूरा किया। उनके निशाने पर अब एबी डिविलियर्स के 58 छक्के का रिकॉर्ड है। 7वें ओवर में बोल्ट को लगातार 2 चौके जड़ते हुए गिल ने भी तेवर दिखाए। देखते ही देखते 8वें ओवर में भारत के 50 रन पूरे हुए।



