प्यार के लिए पाकिस्तान से भारत आने वाली सीमा हैदर को मिली जमानत

पाकिस्तान से अपने चार बच्चों के साथ भारत आईं सीमा ग़ुलाम हैदर और उनके प्रेमी सचिन मीणा को अदालत से ज़मानत मिल गई हैं.
सीमा ग़ुलाम हैदर पबजी गेम पर सचिन मीणा से मिलीं थीं और उनसे मिलने के लिए दुबई और नेपाल के रास्ते अवैध तरीक़े से भारत आ गईं थीं.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक किराये के कमरे में सचिन के साथ रह रहीं सीमा को पुलिस ने इसी सप्ताह गिरफ़्तार किया था. अब अदालत ने उन्हें ज़मानत दे दी है.
ग्रेटर नोएडा के रब्बूपुरा थाने के एसएचओ अध्यक्ष सुधीर कुमार ने बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल से बातचीत में बताया कि सीमा गुलाम हैदर और सचिन मीणा की ज़मानत हो गई है और दोनों अपने घर आ गए हैं.
उन्होंने कहा कि अगर वे घर को छोड़कर कहीं जाएंगे तो उन्हें कोर्ट को सूचित करना होगा.
सीमा हैदर और सचिन मीणा की प्रेम कहानी की भारतीय मीडिया में चर्चा हो रही है.
इसी बीच सऊदी अरब में रह रहे सीमा के पति ग़ुलाम हैदर ने बीबीसी से बात करते हुए कहा है कि वो अपनी पत्नी और बच्चों को वापस चाहते हैं.
पाकिस्तान के कराची में रहने वाली सीमा हैदर की की जान-पहचान सचिन मीणा से पबजी गेम के ज़रिए हुई थी. इसके बाद वो उनके साथ रहने के लिए पाकिस्तान से अपने चार बच्चों के साथ भारत आ गईं थीं.



