राष्ट्रीय

आदिवासी युवक पर पेशाब करने वाले भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार, मुख्यमंत्री बोले- अपराधी की कोई जाति, धर्म या पार्टी नहीं होती

मध्यप्रदेश। सीधी जिले में एक आदिवासी पर पेशाब करने वाले भाजपा कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश था। जिसके बाद मंगलवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रवेश शुक्ला पर नशे की हालत में युवक पर पेशाब करने का आरोप है।

आरोपी सीधी से 20 किलोमीटर दूर कुबरी गांव का रहने वाला है। इस विवाद होने के बाद पुलिस बहरी थाने की एक टीम मंगलवार रात कुबरी गांव में उसके घर पहुंची थी, लेकिन प्रवेश वहां नहीं मिला। पुलिस ने उसके पिता-माता और पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ की। परिवार ने घटना को लेकर किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस को आरोपी पर NSA के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा- ‘मैंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि अपराधी पर ऐसी कार्रवाई की जाए जो उदाहरण बने। अपराधी की ना तो कोई जाति होती है और धर्म। अपराधी किसी पार्टी का नहीं होता, अपराधी केवल अपराधी होता है।’

प्रवेश शुक्ला के आदिवासी शख्स पर पेशाब करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 10 दिन पुराना बताया जा रहा यह वीडियो कुबरी बाजार का है। आरोपी प्रवेश शुक्ला कुबरी का ही रहने वाला है। वह सीधी जिले से भाजपा विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि रह चुका है।

Related Articles

Back to top button