हरभजन सिंह ने समझाया पूरा समीकरण, कैसे भारत WTC फाइनल में बना सकता है जगह?

नई दिल्ली.  भारतीय पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के समीकरण के बारे में बताया है। उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा अपने यूट्यूब चैनल पर की है। बता दें, WTC की प्वाइंट्स टेबल में टीम इंडिया अभी ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे पायदान पर है। भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही इस चक्र की आखिरी टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से ही तस्वीर साफ हो पाएगी कि क्या भारत लगातार दूसरी बार WTC फाइनल में पहुंच सकता है या नहीं। बता दें, चार मैच की इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 9 फरवरी से नागपुर में खेला जाएगा।

हरभजन सिंह ने भारत के WTC फाइनल में पहुंचने के समीकरण के बारे में बात करते हुए कहा ‘बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी क्यों इतना जरूरी है भारत के लिए? WTC का फाइनल है ना उसमें टीम इंडिया को प्रवेश करना है, इस बार प्रवेश ही नहीं करना है बल्कि जीतना भी है। पिछली बार हम पीछे रह गए थे, न्यूजीलैंड ने वो फाइनल हमें हरा दिया था। इस बार पहले पायदान पर न्यूजीलैंड नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया है। दूसरे पायदान पर भारत है। अगर भारत को दूसरे पायदान पर बने रहना है तो भारत की कोशिश यही होनी चाहिए कि यह सीरीज वो 3-0, 4-0 या 3-1 से जीते। अगर भारत ऐसा करने में कामयाब रहता है तो उसका फाइनल खेलना लगभग तय हो जाएगा। अगर ऑस्ट्रेलिया यह सीरीज 0-3 से हार भी जाता है तो मुझे नहीं लगता उन्हें कोई फर्क पड़ेगा और वह नंबर 1 पर बना रहेगा। वह फाइनल जरूर खेलेगा। ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जून में फाइनल खेला जाएगा।’

उन्होंने आगे कहा “नंबर तीन के पायदान पर श्रीलंका है। उनकी सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ है। अगर उन्हें प्वाइंट्स टेबल में आगे आना है तो, मुझे ये थोड़ा मुश्किल लग रहा है। अगर श्रीलंका न्यूजीलैंड को हरा देता है तो….हालांकि अगर भारत के रिजल्ट ठीक रहे तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वहीं अगर न्यूजीलैंड श्रीलंका को हराता है तो भारत का रास्ता साफ हो जाएगा।’

Related Articles

Back to top button