CM योगी के कार्यकाल में मुठभेड़ में मारे गए 183 आरोपी, SC में जनहित याचिका दायर

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दोनों कार्यकाल के दौरान अबतक 183 अभियुक्त पुलिस कार्रवाई में यानी कि एनकाउंटर में मारे गए हैं. माफिया अतीक अहमद और अशरफ की हत्या का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. अतीक और अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या की जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है.

दायर याचिका में सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में जांच की मांग की गई है. साथ ही 2017 से उत्तर प्रदेश में अब तक हुए 183 एनकाउंटर की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में एक्सपर्ट कमेटी से कराने की मांग की गई है. वकील विशाल तिवारी की ओर से यह याचिका दायर की गई है. याचिका मे माध्यम से अतीक व उसके भाई की हत्या की जांच के लिए एक समिति का गठन करने की मांग की गई है.

साथ ही याचिका में 2020 विकास दुबे  मुठभेड़ मामले की सीबीआई से जांच की मांग की गई है. इससे पहले माफिया अतीक अहमद की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा करती एक याचिका को सुनने से सुप्रीम कोर्ट ने इंकार कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट ने अतीक अहमद की सुरक्षा पर कोई भी आदेश देने से इंकार कर दिया था.

बता दें कि अतीक अहमद और उसके भाई की शनिवार रात को प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जिस समय अतीक और उसके भाई पर फायरिंग की गई उस दौरान वो मीडिया से बात कर रहा था. पुलिस ने बाद में इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है.

Related Articles

Back to top button