नवजोत सिंह सिद्धू की सुरक्षा में सेंध की खबर

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की सुरक्षा में सेंध की खबर है। उन्होंने रविवार को ट्वीट कर आवास में संदिग्ध व्यक्ति के होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि पंजाब पुलिस के शीर्ष अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी जा चुकी है। सिद्धू ने इस घटना को ‘सुरक्षा में चूक’ करार दिया है। खास बात है कि कांग्रेस नेता हाल ही में जेल से रिहा हुए हैं।
सिद्धू ने कहा है कि रविवार शाम उनके पटियाला स्थित आवास की छत पर एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। सिद्धू ने कहा कि कंबल ओढ़ा हुआ संदिग्ध व्यक्ति उनके घरेलू सहायक के शोर मचाने पर फरार हो गया। सिद्धू ने कहा कि उन्होंने इस विषय की सूचना पंजाब पुलिस प्रमुख को दी है।
सिद्धू ने ट्वीट किया, ‘आज शाम करीब 7:00 बजे मेरे आवास की छत पर धूसर रंग का कंबल ओढ़े एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति पाया गया। जैसे ही मेरे घरेलू सहायक ने शोर मचाया और मदद के लिए आवाज लगाई, वह तुरंत भाग गया।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने पंजाब पुलिस के डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) से बात की है और पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी इस बारे में सूचित कर दिया है। यह सुरक्षा चूक मुझे पंजाब के लिए आवाज उठाने से नहीं रोक पाएगी।’ बाद में, पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा सिद्धू के आवास पर गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।



