हनुमान जयंती इस साल 6 अप्रैल यानी गुरुवार को मनाई जाएगी.

भगवान राम के सबसे बड़े भक्त हनुमान जी की जयंती 6 अप्रैल, 2023 दिन गुरुवार को मनाई जाएगी. हनुमान जयंती (Hanuman Jayanti) के उपलक्ष्य में भक्तगण इस दिन व्रत करते हैं विधि-विधान से पूजन करते हैं. मंदिरों को इस दिन विशेष रूप से सजाया जाता है इसके साथ ही कई जगहों पर भंडारे आयोजित होते हैं. इस दिन का खास महत्व होता है और भक्त हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए कई तरह के उपाय भी करते हैं. आइए जानते हैं इस दिन पूजन का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि साथ ही बाबा को लगाए जाने वाले विशेष प्रसाद की खास रेसिपी.
हनुमान जयंती शुभ मुहूर्त
आपको बता दें कि इस बार हनुमान जयंती पर पूजन के 6 मुहूर्त बन रहे हैं, इन समयों पर तीनों पहर में इन शुभ मुहूर्त में आप पूजन कर सकते हैं.
1- सुबह 06 बजकर 06 मिनट से 07 बजकर 40 मिनट तक
2- सुबह 10 बजकर 49 मिनट से दोपहर में 12 बजकर 23 मिनट तक
3- दोपहर में 12 बजकर 23 मिनट से 01 बजकर 58 मिनट तक
4- दोपहर 01 बजकर 58 मिनट तक से 03 बजकर 32 मिनट तक
5- शाम 05 बजकर 07 मिनट से 06 बजकर 41 मिनट तक
6- शाम 06 बजकर 41 मिनट से रात 08 बजकर 07 मिनट तक
हनुमान पूजा मंत्र (Hanuman Jayanti Pooja Mantra)
ॐ आंजनेयाय विद्मिहे वायुपुत्राय धीमहि तन्नो: हनुमान: प्रचोदयात
ॐ रामदूताय विद्मिहे कपिराजाय धीमहि तन्नो: मारुति: प्रचोदयात
हनुमान पूजा विधि
हनुमानजी के पूजन के लिए जो सामग्री चाहिए होती है वो इस प्रकार है. पूजा के लिए आपको चाहिए लाल पुष्प, सिंदूर, अक्षत्, पान का बीड़ा, मोतीचूर के लड्डू, लाल लंगोट और तुलसी दल. पूजन में ये सभी चीजें हनुमान जी पर अर्पित करें. इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ करें. फिर हनुमानजी की आरती करें. भगवान को भोग के रूप में बेसन के लड्डू, हलवा औऱ केला चढ़ाएं.
हनुमान जी भोग
हनुमान जी को बेसन के लड्डडू बहुत पसंद हैं. इसलिए इस दिन इनको खासतौर से बेसन के लड्डुओं का भोग लगाया जाता है. वैसे तो ये लड्डू आपको बाजारों में भी आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन इनको घर पर बनाना भी बेहद आसान है. बेसन के लड्डू बनाने के लिए आपको बेसन को घी में डालकर भूंन लेना हैं फिर उसमें शक्कर, मेवे और इलायची मिलानी है. फिर हाथों से गोल बनाकर स्टोर कर लें. आपके बेसन के लड्डू बनकर तैयार हैं.



