इस्लामाबाद कोर्ट में पेश होंगे पूर्व पीएम; बोले- मुझे गिरफ्तार करने की साजिश

पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान तोशाखाना मामले में सुनवाई के लिए इस्लामाबाद पहुंच गए हैं। उनके साथ PTI कार्यकर्ताओं का हुजूम मौजूद है। इधर उनके निकलते ही पुलिस लाहौर में उनके घर जमान पार्क में घुस गई। यहां पुलिस ने बुलडोजर से गेट तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हुई।
इस दौरान पुलिस की PTI कार्यकर्ताओं से भी झड़प हुई। पुलिस ने PTI वर्कर्स पर लाठीचार्ज किया है। इमरान ने ट्वीट कर कहा- पुलिस मेरे पीछे से घर पहुंची है। मेरी बीवी वहां अकेली है। ये कार्रवाई किस कानून के तहत हो रही है। ये सब नवाज शरीफ के प्लान का हिस्सा है।
इस्लामाबाद जाने के रास्ते में इमरान के काफिले की 3 गाड़ियां कल्लर कहार के पास आपस में टकरा गईं। बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ। यह जगह राजधानी से करीब 135 किमी दूर है। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
हादसे के बाद पूर्व पीएम ने कहा- मुझे रोकने की कोशिश की जा रही है। वे मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं। ये सब लंदन प्लान का हिस्सा है। नवाज शरीफ की डिमांड है कि इमरान को जेल में डाला जाए। वे नहीं चाहते कि मैं किसी भी चुनाव में हिस्सा लूं। मैं कानून पर विश्वास रखता हूं इसलिए कोर्ट में पेश होने जा रहा हूं।



