मालवाहक वाहन पलटने से 36 मवेशियों की मौत, चालक-क्लीनर फरार, तस्करी की आशंका

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां इंदौर-बैतूल नेशनल हाइवे पर ग्राम टेमागांव के पास मवेशी से भरा आयशर वाहन पलट गया। इस हादसे में करीब 36 मवेशियों की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर व कंडक्टर मौके से फरार हो गये है। सूचना मिलते ही टेमागांव चौकी पुलिस घटनास्थल पहुंची। मामले में मवेशी तस्करी की एंगल से भी जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर ग्राम टेमागांव के पास मवेशियों से भरी गाड़ी पलटने से करीब 36 मवेशियों की मौत हो गई। टेमागांव चौकी प्रभारी अविनाश पारदी ने बताया कि रविवार सुबह-सुबह एक मालवाहक गाड़ी में करीब 50 मवेशी भरकर उन्द्राकच्छ से टेमागांव की ओर जा रही थी। जिसमें 36 मवेशियों की मौत हो गई है मृत मवेशियों को जेसीबी से गड्डा खोदकर घटनास्थल पर ही दफनाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही।



