भाजपा की तरफ से एक दिन में दो कार्यक्रमों के आयोजन, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का जन्मदिन

जयपुर. राजस्थान में सत्ता की वापसी की कोशिशों में जुटी भाजपा के लिए यह मिशन मुश्किल हो सकता है। इसकी वजह है पार्टी के अंदर चल रहा संघर्ष। हालांकि खुले तौर पर ऐसा कुछ कहा नहीं जा रहा, लेकिन गाहे-ब-गाहे ऐसे हालात बन जाते हैं कि पार्टी के अंदर के हालात जाहिर हो जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। असल में आज भाजपा के दो कार्यक्रम आपस में टकरा गए हैं। एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का जन्मदिन का कार्यक्रम है। दूसरी तरफ भाजपा की युवा ईकाई द्वारा सीएम अशोक गहलोत के आवास पर होने वाला प्रदर्शन है। वसुंधरा राजे के जन्मदिन का कार्यक्रम चुरु जिले के सालासर मंदिर में होना है। वहीं, युवा ईकाई का प्रदर्शन प्रश्न पत्रों के लीक के विरोध में हो रहा है। सभी विधायकों को कहा गया है कि वह इस विरोध प्रदर्शन को सफल बनाएं। इसी बात ने पार्टी नेताओं को दुविधा में डाल दिया है।
भाजपा की तरफ से एक दिन में दो कार्यक्रमों के आयोजन को महज संयोग बताया जा रहा है। लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि असल में यह अगले चुनाव के लिए ताकत दिखाने का खेल है। एक तरफ वसुंधरा राजे शक्ति प्रदर्शन करके एक बार फिर से अपने आप को सीएम रेस में शामिल करना चाहती हैं। बता दें कि दो बार सीएम रह चुकीं वसुंधरा अब भी पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा हैं। हालांकि भाजपा ने फैसला किया है कि चुनाव से पहले वह किसी को भी सीएम फेस घोषित नहीं करेगी। वहीं, वसुंधरा राजे के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे बेहतर उम्मीदवार मानते हैं।
सीएम आवास पर बीजेपी यूथ विंग के प्रदर्शन को भाजपा के कई बड़े नेता संबोधित करने वाले हैं। यह भी दिलचस्प बात है कि इनमें से कई चेहरे ऐसे हैं, जो हाल तक पार्टी में वसुंधरा के वर्चस्व को चुनौती देने वाले माने जाते थे। ऐसा ही एक नाम राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया का है। इसके अलावा विधानसभा में विपक्ष के उपनेता राजेंद्र सिंह राठौर भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। हालांकि राजेंद्र राठौर ने भी इसे कांपटीशन वाला इवेंट मानने से इनकार कर दिया। साथ ही यह भी संकेत दिया कि पार्टी में वर्चस्व को लेकर कोई लड़ाई नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई नेता अपना जन्मदिन मना रहा है तो इसमें कुछ गलत नहीं है। वह दो बार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। चूंकि इन दिनों विधानसभा इन दिनों चल रही है, इसलिए सभी विधायकों से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा गया है।



