बिना चेक किए एंबुलेंस में रखा सिलेंडर, रीवा मेडिकल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा

पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक 18 वर्षीय युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। थोड़ी ही देर बाद कई बडे़ नेता भी इस चक्काजाम में शामिल हो गए। जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों ओर से लंबा जाम लग गया। जिसके बाद एएसपी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, शुभम यादव पिता अरविंद यादव उम्र 18 वर्ष निवासी मोहन निवास चौराहा जिसे देर शाम जिला अस्पताल में एडमिट किया था। जिसके बाद डॉक्टर ने उसकी हालत नाजुक होने की वजह से रीवा मेडिकल के लिए स्वयं के वाहन से रेफर किया।
परिजनों का आरोप है कि उन्हें जो ऑक्सीजन सिलेंडर प्रदान किया गया था, वह बिना चेक किए गाड़ी में रख दिया। जिससे पन्ना से महज 10 किलोमीटर दूर पहुंचते ही थे कि ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म हो गया और युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक युवक के परिजनों की मांग है कि ड्यूटी में उपस्थित सभी स्टाफ के ऊपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन चक्का जाम हटाने की कोशिश कर रही है। वहीं इस मामले में जिला कलेक्टर ने जांच के लिए कमेटी का गठन किया है।



