आप कार्यकर्ताओं ने हाथों में हथकड़ी और पोस्टर लेकर BJP दफ्तर के सामने किया प्रदर्शन, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

भोपाल। मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने बीजेपी दफ्तर के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में हथकड़ी और पोस्टर लेकर पहुंचे। जिसमें लिखा हुआ था- शिक्षा मंत्री ‘तुझे सलाम’।
AAP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई। दोनों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। जिसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि शराब नीति मामले में दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को CBI ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले टीम ने सिसोदिया से करीब 8 घंटे पूछताछ की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अफसर ने सिसोदिया पर सबूत नष्ट करने का भी आरोप लगाया था। सीबीआई ने सिसोदिया और अफसर को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तो, उन्होंने कई सवालों के जवाब नहीं दिए। बताया जा रहा है कि इसी वजह से सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है। वहीं मनीष सिसोदिया को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग के एक आईएएस अफसर ने पूछताछ के दौरान सिसोदिया का नाम लिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि सिसोदिया ने ऐसी शराब नीति बनाई थी, जिससे सरकार को मुनाफा नहीं हो, बल्कि व्यापारियों को मोटा फायदा हो। इसी बयान के आधार पर सिसोदिया से पूछताछ की गई थी। सिसोदिया रोड शो करते हुए पूछताछ के लिए CBI दफ्तर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ हजारों समर्थक भी थे। सभी हेडक्वार्टर के पास धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।



