रायपुर शहर वासियों को मिली दो बड़ी सौगातें, तेलघानी आरओबी और गोगांव आरयूबी का हुआ लोकार्पण

रायपुर शहरवासियों की बहुप्रतिक्षित मांग आज पूरी हो गयी है। लोक निर्माण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने रायपुर रेलवे स्टेशन के पास 35.54 करोड़ रूपए की लागत से बना 526 मीटर लंबा तेलघानी रेलवे ओवरब्रिज ब्रिज तथा उरकुरा- सरोना बायपास रेल लाइन में 15.73 करोड़ रूपए की लागत से तैयार 407 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौड़े गोगांव रेलवे अंडर ब्रिज का लोकार्पण किया। इन दोनो बड़े निर्माण कार्यों की सौगात मिलने से रायपुर शहर की जनता को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी और यहां लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
तेलघानी आरओबी से लगभग 3 लाख से अधिक आम नागरिकों के साथ-साथ संपूर्ण नगरीय क्षेत्र को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 6 एवं 7 के लिए सुगम यातायात उपलब्ध होगा। इसी तरह से गोगांव आरयूबी के शुरू हो जाने से इस क्षेत्र की लगभग 3 लाख से भी अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। इन दोनों सुविधाओं के लिए श्री साहू ने छः लाख से अधिक शहर वासियों की ओर से मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ये दोनों ही ब्रिज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की प्राथमिकता वाले कामों में थे और इन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए थे।



