Shubman Gill के फैन हुए हार्दिक पांड्या, इंटरव्यू में बांधे तारीफों के पुल

टीम इंडिया ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 168 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सीरीज 2-1 से अपने नाम की. इस जीत के हीरो शुभमन गिल रहे. गिल ने इस मैच भारत के लिए 63 गेंद पर 126 रनों की नाबाद पारी खेली. वहीं मैच के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने शुभमन गिल का इंटरव्यू लिया. दोनों ही खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा किए. बीसीसीआई ने इसका वीडियो अपने ऑफिशियल अकाउंट ट्विटर पर शेयर किया है.
हार्दिक ने की गिल की जमकर तारीफ
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में शुभमन गिल ने अपना पहला टी20 इंटरनेशनल शतक जड़ा तो वहीं हार्दिक पांड्या ने चार विकेट झटके. सीरीज जीतने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच मजेदार बातचीत हुई. इस दौरान ने गिल बताया कि कैसे कप्तान ने उनपर भरोसा और समर्थन किया. हार्दिक ने जब गिल से पूछा, ‘आपको खेलते हुए देखना वास्तव में बहुत अच्छा लगता है. आपकी अभीतक की जर्नी कैसी रही इस तरह का बल्लेबाज बनने के लिए? जिस पर गिल के जबाव देने से पहले ही पांड्या कहते हैं कि ‘हां मैं जानता हूं कि आप अपने पिता को इसका श्रेय देंगे क्योंकि उन्होंने बहुत मेहनत की आपको यहां तक पहुंचने के लिए, लेकिन फिर भी उनके अलावा और ऐसी कौन सी चीज है जिसने आपको यहां तक पहुंचने में काफी मदद की?
मैंने अपने दिल की सुनी: गिल
जिसके बाद गिल ने जवाब देते हुए कहा कि, ‘हां बिल्कुल जैसा की आपने कहा मेरे पिता ने मुझे बहुत मदद की इसलिए इसका श्रेय मेरे पिता को भी जाता है और मेरे ख्याल से जो मेरी गेम है उसमें ये अहम होता है कि मैनेजमेंट और कप्तान भी भरोसा करें. इससे पहले भी मैंने टी20 खेले, लेकिन उनमें मैं कुछ खास नहीं कर पाया, इसलिए इस बार भी मैंने अपने दिल की सुनी और वहीं किया जो मुझे करना चाहिए था. खास तौर पर आपने जब मुझे मैच से पहले कहा कि, जैसे मैं खेलता हूं वैसे ही जाकर खेलो कुछ एक्स्ट्रा करने की जरूरत नहीं है. मेरे ख्याल से वो छोटी-छोटी चीज काफी मदद करती है, जब मुझे पता है कि जैसे मुझे खेलना है उसमें ये एक चीज थी जिसने मुझे काफी मदद की आज की पारी खेलने के लिए.’



