मुख्यमंत्री ने शरद यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की

पटना : बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत विभिन्न राजनेताओं ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल फागू चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत शरद यादव एक प्रसिद्ध समाजवादी नेता थे तथा राम मनोहर लोहिया के विचारों से काफी प्रभावित थे।

उन्होंने कहा कि वह गरीबों और वंचितों की समस्याओं को दूर करने के लिए आजीवन प्रयासरत रहे। राज्यपाल ने कहा कि बिहार से उनका गहरा लगाव था व उनका निधन अत्यन्त दु:खद है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ”पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन दु:खद। शरद यादव जी से मेरा बहुत गहरा संबंध था।

मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। यादव 75 वर्ष के थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।

Related Articles

Back to top button