एक्सपर्ट बोले- विकेटकीपिंग में घुटना, टखना और कलाई अहम, वहीं चोटें…मुश्किल तो होगी

3 दिन पहले श्रीलंका के खिलाफ टी-20 और वनडे टीम से बाहर हुए ऋषभ पंत को एक और झटका लगा है। पंत गुरुवार रात बड़ी दुर्घटना का शिकार हो गए। उन्हें 5 जगहों पर चोटें आई हैं। इनमें माथा, दाहिने हाथ की कलाई, दाहिने पैर का घुटना, टखना और अंगूठा शामिल हैं। घुटने, टखने और कलाई की चोट अहम हैं, क्योंकि इन जगहों का इस्तेमाल विकेटकीपिंग के लिए अहम है।
हमने चोट की गंभीरता और उसका करियर पर असर जानने के लिए एक्सपर्ट्स से बात की। हमने पूर्व इंटरनेशनल विकेट कीपर नमन ओझा और स्पोर्ट्स मेडिसिन एक्सपर्ट से जाना कि पंत की चोट कितनी गंभीर है और वे कब तक मैदान पर वापसी कर सकेंगे।
एक्सपर्ट कहते हैं, ‘विकेटकीपिंग के दौरान घुटने, टखने और कलाई में सबसे ज्यादा मूवमेंट होता है। ऐसे में मुश्किल तो होगी। वे कब तक वापसी कर पाएंगे, इसका सटीक अंदाजा MRI रिपोर्ट देखकर ही लगाया जा सकता है। रिकवरी में एक साल का समय लग सकता है।’
विकेटकीपर के लिए हर पॉइंट मायने रखता है: ओझा
नमन ओझा कहते हैं कि यदि घुटने के लिगामेंट फट जाए तो रिकवरी में टाइम लगता है। घुटने की सामान्य-सी चोट से रिकवर करने में कम से कम 6 और ज्यादा से ज्यादा 8 हफ्ते लगते हैं। विकेटकीपिंग में हर पॉइंट मैटर करता है। चोट कहीं की भी हो, प्रभावित करती है। फिर चाहे वह उंगली की चोट ही क्यों न हो। पंत के तो कलाई, घुटने और टखने तीनों जगह लगी हैं। वापसी में टाइम लगेगा। हालांकि, वह युवा है…जल्दी रिकवरी भी हो सकती है।
2. रिकवरी में कम से कम एक साल लगेगा: जांगिड़
टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय टीम के साथ गए स्पोर्ट्स मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. रजत जांगिड़ कहते हैं, “अगर हड्डी की चोट होती तो रिकवर करने में 2-3 महीने लग जाते हैं और लिगामेंट फटा हो, उससे रिकवरी करने में 6 से 9 महीने लग जाते हैं। इस तरह की चोट एशियल इंजरी कहलाती है, जो खिलाड़ी को मैदान पर लगती है।
कार एक्सीडेंट में ज्यादातर लिगामेंट टूटता है या कई लिगामेंट टूटते हैं। उसमें ज्यादा समय भी लग जाता है। कभी-कभी साल भर भी लग जाता है। जहां तक विकेटकीपिंग की बात है, तो टखना, घुटना और कूल्हा विकेटकीपर की पोजिशन के लिए अहम है। रिस्ट-एलबो उनके वर्किंग हैंड के लिए महत्वपूर्ण हैं। पंत की कलाई भी चोटिल है और घुटने में भी चोट है। ऐसे में रिकवरी में टाइम लग सकता है। हालांकि, अभी MRI रिपोर्ट्स नहीं आई हैं। ऐसें में कोई सटीक टाइम नहीं बता सकते हैं कि कितना टाइम लगेगा। इतना कह सकता हूं कि घुटने में 6-7 महीने और कलाई में 3 से 4 महीने का समय लग सकता है।”



