अंडे खाने के शौकीन लोगों को बेहद पसंद आएगी तंदूरी एग की ये टेस्टी Recipe

सर्दियों के मौसम में लोग शाम के समय गर्मा-गर्म उबले हुए अंडे खाने के लिए घर से बाहर निकलते हैं। आप भी अगर उबले हुए अंडे खाने के शौकीन हैं तो इनका टेस्ट बढ़ाने के लिए ट्राई करें तंदूरी अंडे के ये टेस्टी रेसिपी।इस रेसिपी की यह खासियत है कि इन्हें खाने के लिए आपको घर से बाहर ठंड में निकलना भी नहीं पड़ेगा और ये बेहद कम समय में बनकर तैयार भी हो जाते हैं। तो आइए जान लेते हैं कैसे बनाई जाती है तंदूरी एग की ये रेसिपी।
तंदूरी एग बनाने के लिए सामग्री-
-चार उबले हुए अंडे
– आधा चम्मच चाट मसाला
– चार चम्मच दही
– एक चम्मच तंदूरी मसाला
– दो चम्मच बेसन
– नमक स्वादानुसार
– आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
– नींबू का रस एक चम्मच
– सरसो का तेल
– धनिया की पत्ती
तंदूरी एग बनाने की विधि-
तंदूरी एग बनाने के लिए सबसे पहले मैरिनेशन तैयार कर लें। उसके लिए एक कटोरी में बेसन और दही के साथ नींबू का रस, लाल मिर्च पाउडर, तंदूरी मसाला और नमक डालकर अच्छे से फेंट लें। आपका तंदूरी मैरिनेशन तैयार है।
इसके बाद उबले हुए अंडों के छिलके उतारकर उनके टुकड़ों को अच्छी तरह मैरिनेट कर लें। करीब आधे घंटे के लिए पूरे मसालों को अंडों पर अच्छी तरह से लपेटकर रख दें। जब सारे मसाले अच्छी तरह से अंडे सोख लें। तब पैन गर्म करके उसमें सरसो का तेल डालकर अच्छी तरह से गर्म करके इसमे मैरिनेट किए हुए अंडे डालें। अंड़ों को अच्छी तरह से पक जाने दें।
आप चाहें तो ग्रिलर पर भी इस तंदूरी अंडों को पका सकते हैं। पैन पर दोनों तरफ से अंडों को सुनहरा कर लें। इसके बाद गैस बंद करके पैन में गर्मागर्म परोसें। ओवन में तंदूरी एग पकाना चाहती हैं तो ट्रे में सारे मसालों से लिपटे एग को रखकर करीब दस मिनट के लिए 180 डिग्री सेल्सियस पर पकाएं। आपके टेस्टी तंदूरी एग फटाफट बनकर तैयार हो जाएंगे ।



