राहुल गांधी की यात्रा जैनाबाद पहुंची

बुरहानपुर,  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह अपने अगले पड़ाव जैनाबाद फाटा स्थित सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल पहुुंची।
श्री गांधी ने सुबह महाराष्ट्र के जलगांव जामोड़ से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव में प्रवेश किया था। यहां से पदयात्रा लगभग आठ बजे अपने अगले पड़ाव जैनाबाद फाटा के लिए रवाना हुयी थी। लगभग पौने तीन घंटे की पदयात्रा के बाद श्री गांधी जैनाबाद फाटा के सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल पहुंचे। अब यहां पर यात्रा दोपहरबाद तक रुकेगी।
तय कार्यक्रम के अनुसार श्री गांधी की पदयात्रा सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल से दिन में साढ़े तीन बजे के आसपास प्रारंभ होकर शाम सात बजे के आसपास ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेगी। यहीं पर आज की पदयात्रा का विराम रहेगा। यात्रा में शामिल सभी लोग पास ही झिरी में स्थित इंजीनियरिंग कालेज में रात्रि विश्राम करेंगे।
यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पी सी शर्मा और सैकड़ों नेता व पदाधिकारी भी साथ हैं। इसके अलावा हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भी इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा हैं।

Related Articles

Back to top button