सरकारी नौकरी के नाम पर 8 लाख की ठगी करने वाले दंपती गिरफ्तार

जांजगीर। सहायक विकास विस्तार अधिकारी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठग दंपत्ति ने अपने ही रिश्तेदार से 8 लाख ठग लिए। जब चयन सूची में नाम नहीं आया तो वेटिंग लिस्ट में नाम आने के नाम पर बहलाते रहे। बेरोजगार युवक को अपनी पहुंच का झांसा दिखाने के लिए नवा रायपुर में मंत्रालय में बुलाया और मंत्रालय के भीतर गैलरी में किसी सूट-बूट वाले व्यक्ति को अफसर बताकर मिलवाया। नौकरी नहीं लगने पर जब युवक ने पैसे वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। युवक ने एसपी विजय अग्रवाल से मिलकर शिकायत की तो पुलिस ने पति-पत्नी को पामगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसो से गिरफ्तार कर लिया।

 

जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली अंतर्गत गढ़ोला निवासी विनय पाटले (38 वर्ष) ने 2017 में व्यापमं से आयोजित सहायक विकास विस्तार अधिकारी परीक्षा दी थी। इसी बीच उसकी मुलाकात पामगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसो निवासी रतन गौरहा और उसकी पत्नी गिरजा सिंह से हुई। दोनों उसके दूर के रिश्तेदार हैं। रतन और गिरजा सिंह ने विनय को मंत्रालय में अधिकारियों से पहुंच का झांसा दिया। रतन ने बताया कि उसका वन, शिक्षा और राजस्व विभाग के अधिकारियों से अच्छी पहचान है। पति-पत्नी ने विनय को मंत्रालय बुलाया। वहां अलग-अलग विभागों के बाहर ले जाकर घुमाया। गैलरी में और अधिकारियों के चैंबर के बाहर कुछ सूट-बूट पहने लोगों से मिलवाया।

Related Articles

Back to top button