कांग्रेस के 14 दावेदारों पर चर्चा, सावित्री मंडावी को मिल सकता है टिकट

छत्तीसगढ़ के कांकेर में भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से 14 दावोदारों के नाम सामने आए हैं। कांग्रेस की बैठक में इन नामों पर चर्चा हुई और इसके बाद सूची को प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को सौंप दिया गया। अब प्रत्याशी के नाम पर केंद्रीय चुनाव समिति मुहर लगाएगी। बताया जा रहा है कि ज्यादातर सदस्य स्व. मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी के नाम से सहमत थे। ऐसे में संभावना है कि कांग्रेस उन्हें प्रत्याशी घोषित कर सकती है।तीन नामों को बड़े दावेदार के रूप में छांटा गया
दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सोमवार को भानुप्रतापपुर के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ लंबी बैठक की। दिन भर चली इस बैठक के बाद दिवंगत विधायक मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी, बिरेश ठाकुर, विजय ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमंत ध्रुव, सुनाराम तेता के नाम दावेदारों के रूप में सामने आए। बताया जा रहा है कि इसमें से तीन नामों को बड़े दावेदार के रूप में छांटा गया है। फिलहाल अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान का होगा।



