MLA देवेंद्र यादव, अटल श्रीवास्तव और मेयर मैदान में उतरे

पारंपरिक खेलों का महाकुंभ छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक का उत्साह बिलासपुर में भी देखने को मिल रहा है। हर वर्ग के लोग मे इस प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं। मंगलवार को CMD कॉलेज परिसर में भी छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, मेयर रामशरण यादव सहित अन्य कांग्रेस नेता कबड्‌डी खेलते नजर आए। कांग्रेस नेताओं के कबड्‌डी खेलने का वीडियो भी अब सामने आया है।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता कबड्‌डी..कबड्‌डी..कबड्‌डी कहते हुए मैदान में खेलते दिखे। विधायक देवेंद्र यादव और अटल श्रीवास्तव की टीम आमने सामने थी। इसमें विधायक खुद रेड डालने गए। मगर वह फिसल गए। इसके बाद जब अटल रेड डालने गए, तब विधायक की टीम ने उन्हें पकड़ लिया और वह आउट हो गए।

वहीं, मेयर रामशरण यादव ने एक साथ तीन खिलाड़ियों को आउट कर दिया। इस दौरान सभापति शेख नजीरुद्दीन, शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, एमआईसी सदस्य राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक दिलीप लहरिया सहित अन्य मौजूद रहे। लोगों ने भी नेताओं के इस गेम का जमकर आनंद लिया और खूब तालियां बजाईं।

गुरुवार से छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक का रंगारंग आगाज हुआ था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में इसका औपचारिक उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने भंवरा (लट्‌टू) नचाया, बाटी (कंचा) खेला और पिट्‌ठुल में भी हाथ आजमाया। अगले तीन महीने तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्तरों पर ऐसे ही 14 खेलों की प्रतियोगिताएं चलेंगी।

Related Articles

Back to top button