कांग्रेस अनुशासन कमेटी के अध्यक्ष एंटोनी को दिल्ली बुलाया

राजस्थान कांग्रेस में CM कुर्सी को लेकर दो दिनों से मचे घमासान के बीच मंगलवार दोपहर करीब 20 विधायक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करने के लिए सीएम हाउस पहुंचे हैं। इस मुलाकात को सियासी संकट से जोड़कर देखा जा रहा है। सीएम से मिलने वालों में कुछ मंत्री भी शामिल हैं।

कांग्रेस अनुशासन कमेटी के अध्यक्ष एके एंटोनी को दिल्ली बुलाया गया है। एंटोनी आज रात 10 बजे तक दिल्ली पहुंच रहे हैं। एंटोनी आज देर रात या कल सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। राजस्थान के घटनाक्रम को देखते हुए एंटोनी को बुलाना काफी अहम माना जा रहा है। एंटोनी को अजय माकन की रिपोर्ट पर एक्शन लेने के लिए कहा जा सकता है।

सचिन पायलट दिल्ली पहुंच गए हैं। वे पार्टी आलाकमान से मुलाकात कर सकते हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने दावा किया कि पायलट ने सोनिया गांधी से बात की है और कहा है कि गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ते हैं तो वह राजस्थान सीएम का पद छोड़ें, लेकिन खुद सचिन पायलट ने ट्वीट कर इसे गलत खबर बताया।

कांग्रेस के मुख्य सचेतक और बगावत के मुख्य किरदारों में से एक माने जा रहे महेश जोशी ने कहा- यदि आलाकमान नोटिस देता है तो मैं जवाब देने को तैयार हूं। कोई सजा देगा तो वह भी भुगत लूंगा। किसी विधायक को जबरन यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के घर नहीं बुलाया गया था। आलाकमान की इच्छा के आगे सब नतमस्तक हैं।

Related Articles

Back to top button