मध्य प्रदेश के युवक की छत्तीसगढ़ में हत्या, मृतक के दोस्तों ने नक्सली बनकर पिता से मांगी थी 10 लाख की फिरौती

छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश की सीमा से लगे सूरजपुर जिले में एक किशोर की हत्या कर दी गई। युवक मध्य प्रदेश का निवासी था। उसके दोस्तों ने ही हत्या की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक से लूटपाट की और हाथ-पैर व मुंह बांधकर 12 सौ फीट गहरी खाई में फेंक दिया। बदमाश लड़कों ने नक्सली बनकर किशोर के पिता को धमकी दी और 10 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी। युवक के लाइफ स्टाइल को देखकर साथी युवकों ने पूरा षड़यंत्र रचा और हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एमपी पुलिस मामले का खुलासा करेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला अंतर्गत जयंत चौकी इलाके से 3 दिन पहले गायब हुए 17 वर्षीय किशोर अरमान खान का शव सूरजपुर जिले के ओड़गी क्षेत्र के बांक घाट झरने के पास एक खाई में मिली। पहाड़ी इलाके में खाई लगभग 1200 फीट नीचे है। 10 लाख रुपये फिरौती की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या की बात सामने आई है। मृतक किशोर को कुछ दिन पूर्व 10 लाख बतौर मुआवजा राशि मिली थी। इसी राशि को पाने के लालच में उसके दोस्तों ने ही पूरा षडयंत्र रचा था। जयंत चौकी पुलिस ने संदेह के आधार पर किशोर के दोस्तों को हिरासत में लिया, तब मामला खुला।

छत्तीसगढ़ में पुलिस ने बरामद किया शव 
एएसपी सिंगरौली शिव कुमार वर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा से लगे विंध्यनगर थाना क्षेत्र के जयंत चौकी अंतर्गत सिम्पलेक्स कॉलोनी निवासी किशोर अरमान 17 अगस्त को गायब हो गया था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट जयंत चौकी में दर्ज कराई गई थी। पुलिस को शनिवार की देर शाम लापता किशोर का शव सूरजपुर जिले के ओड़गी क्षेत्र में बांक घाट के पास खाई में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को रविवार को बरामद कर लिया। अपहरण कर फिरौती की मांग की गई थी। मृतक किशोर को बतौर मुआवजा 10 लाख रुपये मिला था।

पिता के पास आया फिरौती वाला कॉलएएसपी सिंगरौली शिव कुमार वर्मा ने बताया कि अरमान के लापता होने के 2 दिन बाद 19 अगस्त को उसी के मोबाइल से पिता रकीब अहमद के पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को नक्सली बताया और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। रुपये नहीं देने पर अरमान की हत्या करने की धमकी भी दी थी। इस पर रकीब अहमद ने पुलिस में शिकायत की थी। फिरौती का कॉल आने पर पुलिस ने शहर के सीसीटीवी फुटेज से जांच शुरू की। इसमें अरमान एक युवक के साथ जाता दिखाई दिया। पुलिस ने सिंगरौली के श्याम कार्तिक बैस (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया, तब मामला खुला।

Related Articles

Back to top button