रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के दूसरे फेज का शेड्यूल जारी

नई दिल्ली. रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के दूसरे फेज का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का दूसरा चरण 26 अगस्त 2022 से 8 सितंबर 2022 तक आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण के तहत आने वाले परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा शहर और तिथि की जानकारी 18 अगस्त को मिलेगी। सुबह 12 बजे सभी आरआरबी वेबसाइट्स पर एग्जाम सिटी व डेट चेक करने का लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा। इसके अलावा एससी व एसटी वर्ग के अभ्यर्थी 18 अगस्त सुबह 12 बजे से अपनी ट्रैवल अथॉरिटी भी डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से चार-चार दिन पहले डाउनलोड कर सकेंगे। रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के जरिए ग्रुप डी के 1.03 लाख पदों पर भर्ती होगी। ग्रुप डी पदों पर भर्ती के लिए 1 करोड़ 15 लाख लोगों ने आवेदन किया था।
आरआरबी ग्रुप डी एग्जाम फेज-2 पूरे भारत के विभिन्न शहरों में 5 आरआरसी के समूह यानी आरआरसी: उत्तर मध्य रेलवे (इलाहाबाद), उत्तर पश्चिमी रेलवे (जयपुर), दक्षिणी पूर्व मध्य रेलवे (बिलासपुर), दक्षिण पूर्व रेलवे (कोलकाता) और पश्चिमी मध्य रेलवे (जबलपुर) के लिए आयोजित किया जाएगा।
पहला चरण 17 अगस्त 2022 से शुरू होने वाला है जो कि 25 अगस्त तक चलेगा। इसकी एग्जाम सिटी की डिटेल पहले ही जारी हो चुकी है। एडमिट कार्ड आज या कल में जारी कर दिए जाएंगे।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने कहा है कि आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा के आगे के चरणों का शेड्यूल बाद में सही समय पर जारी किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन कोविड-19 महामारी के बीच सरकार द्वारा समय समय पर जारी गाइडलांस के तहत किया जाएगा।
ऑरिजनल आधार कार्ड लाना अनिवार्य
यह भी कहा गया है कि रेलवे ग्रुप डी अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र में इस बार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन होगा इसलिए उन्हें अपना ऑरिजनल आधार कार्ड लाना होगा।



