छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में मिले 501 नए कोरोना मरीज , एक की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार ने राज्य सरकार की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को प्रदेश में 501 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3327 पहुंच गई है। सबसे ज्यादा 629 रायपुर व 390 एक्टिव केस दुर्ग जिले में हैं। कोरोना से जांजगीर-चांपा जिले में 1 मरीज की मौत भी हुई है। कोरोना के साथ स्वाइन फ्लू के मरीज भी मिल रहे हैं। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 14 मरीज मिल चुके हैं, जिसमें से 2 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 12 लोगों को उपचार रायपुर व दुर्ग जिले के अस्पतालों में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

राज्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के मुताबिक बुधवार को 11 हजार 539 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें 501 नए संक्रमित मिले हैं। रायपुर में जिले में सबसे ज्यादा 66 मरीजों की पुष्टि हुई है। पिछले 24 घंटे में 522 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया है। वहीं 11 लोग हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हुए हैं। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 4.34 प्रतिशत है। छत्तीसगढ़ में कोरोना से अब तक 14 हजार 71 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं अब तक 11 लाख 67 हजार 517 लोग संक्रमित हो चुके हैं। पूरे प्रदेश में दुर्ग, रायपुर व राजनांदगांव जिले में सबसे ज्यादा मरीज मिल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button