राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना इलाके में महिला के SBI अकाउंट से कुल दो लाख चार हजार 477 रुपए की ऑनलाइन ठगी

रायपुर, राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना इलाके में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। घर पर बुटीक चलाने वाली एक महिला ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। महिला ने ऑनलाइन किराना सामान मंगवाने के लिए जियो मार्ट के नंबर पर कॉल किया और ये ठगों के जाल में फंस गईं। ठगों ने महिला के खाते से दो लाख से अधिक रुपए निकाल लिए।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को प्रार्थिया पायल जैन निवासी साईं विहार कॉलोनी के साथ ऑनलाइन ठगी की गई। महिला ने घर का राशन खरीदने के लिए गूगल पर जियो मार्ट का नम्बर सर्च किया। इन्हें एक कस्टमर केयर नंबर दिखा, महिला ने नंबर पर बात की। फोन उठाने वाले ने जियो मार्ट से ही बात करने का दावा किया। फिर महिला का इलाका रेड जोन होना बताकर एनिडेस्क एप की लिंक भेजी। लिंक के जरिए ठगों ने महिला की अकाउंट डीटेल्स हासिल कर ली। महिला के SBI अकाउंट से कुल दो लाख चार हजार 477 रुपए निकाल लिए गए।
पुलिस ने आगे बताया कि महिला ने इसकी शिकायत सायबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल‘‘ (एनसीसीआरपी) पर की। इस पोर्टल का हेल्प लाइन नंबर 155260 है। पोर्टल में शिकायत दर्ज करने के बाद शनिवार को ही प्रार्थिया के बैंक खाते में 14 हज़ार रुपये वापस हो गया तथा शेष रकम को आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में होल्ड किया गया है।पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन फायनेंशियल फ्राॅड होता है तो वह इस पोर्टल पर घर बैठे सीधे तौर पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकता है। पोर्टल के हेल्प लाइन नंबर 155260 में भी कॉल कर अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
वहीं रायपुर जिला में इसी साल जनवरी से मार्च तक अज्ञात आरोपियों द्वारा अलग-अलग तरीकों से लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी की गई थी। इसमें 101 व्यक्तियों को अपना शिकार बनाकर उनके बैंक खातों से लाखों रुपये की सेंधमारी कर रकम अपने बैंक खातों में स्थानांतरित कर ली गई थी। इसकी शिकायत पीड़ितों ने सायबर सेल में की थी।सायबर सेल की टीम ने पीड़ितों के शिकायतों पर अपने स्रोतों एवं अन्य माध्यमों से त्वरित कार्यवाही करते हुये 101 पीड़ित व्यक्तियों के बैंक खातों में कुल 12,34,095 वापस करा दिए थे



