सिक्किम पुलिस के एक जवान ने अपने ही तीन साथियों को मारी गोली, दो की मौत, तीसरा गंभीर

नई दिल्ली. देश के जवानों द्वारा ओपन फायरिंग की घटनाएं थमती नजर नहीं आ रही है। बीते दिनों जम्मू कश्मीर में ओपन फायरिंग की दो घटनाएं सामने आई थी। अब राजधानी दिल्ली से एक ताजा मामला सामने आया है। दिल्ली के रोहिणी स्थित हैदरपुर में तैनात सिक्किम पुलिस के एक जवान ने अपने ही तीन साथियों पर गोलियां बरसा दी। इस घटना में दो जवानों की मौत हो गई, जबकि तीसरा जवान अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

घटना की जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि रोहिणी स्थित हैदरपुर इलाके में वाटर प्लांट पर तैनात सिक्किम पुलिस के एक जवान ने अपने तीन साथियों को गोली मारी दी। इसमें दो की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घटना के पीछे जवानों में आपसी झगड़ा होने को कारण बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है।

चार दिन में देश में ओपन फायरिंग की 4 घटनाएं-
इस घटना में मारे गए जवानों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। दिल्ली पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बता दें कि इस घटना से पहले जम्मू कश्मीर के दो अलग-अलग जिलों से जवानों द्वारा ओपन फायरिंग की घटना सामने आई थी। इन दोनों घटनाओं में दो जवानों की मौत हुई थी। जबकि पांच अन्य जवान जख्मी हुए थे। यह घटना 15 और 16 जुलाई को हुई थी। ऐसे में बीते चार दिनों में देश में ओपन फायरिंग की तीन घटनाओं में चार जवानों की मौत हुई है।

अपने ही साथियों के खून का प्यासा बना जवान-
दिल्ली के हैदरपुर में आज हुई ओपन फायरिंग की घटना को लेकर सिक्किम पुलिस द्वारा भी जांच किए जाने की बात सामने आई है। बताते चले कि इस घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस द्वारा सिक्किम पुलिस को दे दी गई है। जिसके बाद सिक्किम पुलिस के वरीय अधिकारी मामले की छानबीन में जुट गए है। दूसरी ओर इस घटना को लेकर हैदरपुर में तैनात अन्य जवानों में हैरानी का भाव है। जवानों का कहना है कि कल तक जिन साथियों के साथ वो लोग काम कर रहे थे, उन्ही के खून का प्यासा उनका ही एक साथी कैसे बन गया?

Related Articles

Back to top button