बीजेपी में शामिल हो सकते है कुलदीप बिश्नोई? जेपी नड्डा और अमित शाह से की मुलाकात

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा के प्रति गर्मजोशी दिखा रहे आदमपुर के कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने रविवार को दिल्ली आकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि बिश्नोई जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

आदमपुर के विधायक बिश्नोई ने दिल्ली में भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद उनकी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने पिछले महीने हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया था। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई को पिछले महीने कांग्रेस ने पार्टी के सभी पदों से निष्कासित कर दिया था। उसके बाद से ही भाजपा से उनकी नजदीकियां बढ़ती जा रही हैं।

सोनिया और राहुल संग वाली प्रोफाइल फोटो हटाई

बिश्नोई ने अपने ट्विटर प्रोफाइल से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी के साथ अपनी तस्वीरें भी हटा दी हैं। बिश्नोई ने उनकी जगह अपने पिता एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजन लाल के साथ तस्वीरें लगा दी हैं।

चार बार के विधायक और दो बार के सांसद कुलदीप बिश्नोई हरियाणा में कांग्रेस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए उनकी उपेक्षा किए जाने के बाद से ही नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाने वाले उदय भान को हरियाणा इकाई का प्रमुख नियुक्त किया था।

Related Articles

Back to top button