पिस्टल की नोक पर सराफा व्यापारी से 30 लाख की लूट,आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक ज्वेलर्स से पिस्तौल की नोक पर सोना-चांदी सहित नकदी की लूट हो गई। रोहरा-तरेंगा मार्ग पर आरोपियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। रोहरा बस स्टैंड स्थित श्री महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक भाई-बहन दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने पिस्तौल टिकाकर सोना-चादी के गहने और नकद सहित कुल 30 लाख की लूट की है। भाटापारा ग्रामीण थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भाटापारा से 10 किलोमीटर दूर तरेंगा-रोहरा मार्ग पर सोमवार की रात लूट की वारदात हुई। रोहरा ग्राम में भाटापारा निवासी यमन सोनी की श्री महालक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। रात 8 से 8.30 के बीच दुकान बंद कर यमन सोनी और उसकी बहन वापस घर आ रहे थे। तभी बाइक सवार 3 लोगों ने रोहरा हाई स्कूल के पास ज्वेलर्स संचालक के आगे बाइक ले जाकर उन्हें रोक लिया। यमन सोनी कुछ समझ पाता इससे पहले ही बदमाशों ने बहन पर पिस्तौल तान दी और नकदी व सोने-चांदी के गहने ले भागे।
50 से ज्यादा संदेहियों से पुलिस ने की पूछताछ
सराफा व्यवसायी के अनुसार उनके पास बैग में 25 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना और नकद 3 लाख रुपये था। बदमाश ने कुल 30 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। शिकायत पर एफआईदर्ज की गई है। घटना के बाद से भाटापारा शहर थाना, ग्रामीण थाना एवं भाटापारा जिले की सीमावर्ती पुलिस सुहेला थाना, सिमगा थाना क्षेत्रों में घेराबंदी की गई है, लेकिन बदमाशों का अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। भाठापारा पुलिस अब तक 50 से ज्यादा संदेहियों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।



