बड़ी खबर: महाराष्ट्र के राज्यपाल से मिलने पहुंचे देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे, आज ही सीएम पद की लेंगे शपथ

मुंबई: शिवसेना से एकनाथ शिंदे के बागी होने के कारण उद्धव सरकार गिर गई है। इसी बीच भाजपा और शिंदे खेमे ने नई सरकार बनाने की कवायद शुरू की है। इन सब के बीच खबर है किदेवेंद्र फडणवीस आज शाम 7 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। पहले ऐसी खबरें थी कि वह कल शपथ लेने वाले हैं। लेकिन अब ताजा अपडेट है कि आज ही फडणवीस की ताजपोशी होने जा रही है।
ज्ञात हो कि देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे के साथ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने पहुंचे हैं। यहां कुछ औपचारिकताओं को पूरा करने वाले हैं। आज शाम 7 बजे देवेंद्र फडणवीस सीएम पद की शपथ लेने वाले हैं। जबकि एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम की शपथ लेने वाले हैं। इसे लेकर एक छोटा सा कार्यक्रम शाम में राजभवन में आयोजित किया जा रहा है। आज सिर्फ इन दोनों नेताओं के शपथ की ही खबर है।
वहीं इससे पहले गोवा से सीधे मुंबई पहुंचे एकनाथ शिंदे ने देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार सीएम बनने जा रहे हैं। हालांकि मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किये जाने की खबर है। इससे पहले शिंदे के मुंबई पहुंचने से पहले ही उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगने के तुरंत बाद उद्धव ठाकरे ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। ठाकरे ने इसका ऐलान राज्य की जनता को संबोधित करते हुए किया था। उद्धव ने कहा था कि मेरे पास जो शिवसेना है उसे कोई छिन नहीं सकता है। वे बोले थे कि मैं विधान परिषद के सदस्य पद से भी इस्तीफा दे रहा हूं।



