अमेरिका में ट्रक में मिलीं 46 लोगों की लाशें,बचे लोगों को ‘हीट स्ट्रोक’

अमेरिका के टेक्सस राज्य में एक लावारिस ट्रक से कम-से-कम 46 शव बरामद हुए हैं. 16 अन्य लोगों को अस्पताल में भी भर्ती किया गया है जिनमें चार बच्चे हैं.ये ट्रक टेक्सस के बाहरी इलाक़े सैन एंटोनिया में मिला. एक अग्निशमन दल के अधिकारी ने बताया कि ट्रक में जीवित पाए गए लोग गर्मी से तप रहे थे और उन्हें हीट स्ट्रोक हो गया था.सैन एंटोनियो अमेरिका और मेक्सिको की सीमा से लगभग 250 किलोमीटर दूर है. मानव तस्करी करनेवाले गिरोहों के लिए ये लोगों को अवैध तरीक़े से अमेरिका लाने का एक बड़ा मार्ग रहा है.मानव तस्कर अक्सर अवैध तौर पर प्रवासियों को अमेरिका में प्रवेश कराने के लिए ट्रकों का इस्तेमाल करते हैं. प्रवासियों के अमेरिकी सीमा में दाख़िल होने के बाद तस्कर उनसे दूर-दराज़ के इलाकों में मिलते हैं और फिर ट्रकों से अमेरिका के भीतर लाते हैं.
सैन एंटोनियो के मेयर रॉन निरेनबर्ग ने इस घटना के बारे में कहा, “उनके परिवार थे…और ऐसा लगता है कि वो बेहतर ज़िंदगी की तलाश कर रहे थे. ये और कुछ नहीं, एक बड़ी भयावह, मानवीय त्रासदी है.”
लावारिस मिला ट्रक
सैन एंटोनियो के दमकल विभाग के प्रमुख चार्ल्स हुड ने पत्रकारों से कहा कि एक शव मिलने की ख़बरें मिलने के बाद इमर्जेंसी टीम स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे घटनास्थल पर पहुँची.
उन्होंने कहा,”हमारे साथ ऐसा नहीं होना चाहिए कि हम ट्रक खोलें और भीतर लाशें दिखें. हममें से कोई भी ये सोचकर काम करने नहीं आता.”
हुड ने कहा कि इस ट्रक को ड्राइवर ने लावारिस छोड़ दिया था, जिसका एयर कंडीशनिंग काम नहीं कर रहा था और उसके भीतर पीने का पानी नहीं था.
सैन एंटोनियो का मौसम गर्मी के महीनों में बहुत ज़्यादा गर्म हो जाता है. सोमवार को वहाँ का तापमान 39.4 सेल्सियस था.
मेक्सिको के विदेश मंत्री मार्सेलो एब्रार्ड ने कहा कि जिन लोगों को अस्पताल ले जाया गया उनमें दो ग्वाटेमाला के नागरिक थे. अन्य लोगों की नागरिकता के बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
मेक्सिको के कॉन्सुल जेनरल रुबेन मिनुटी को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया है. वहीं सैन एंटोनियो में मेक्सिको के कॉन्सुलेट ने कहा है कि यदि ये पता चलता है कि मारे गए लोग मेक्सिको के नागरिक हैं तो इस मामले में पूरा सहयोग दिया जाएगा.



