महाराष्ट्र- कांग्रेस ने कमलनाथ को पर्यवेक्षक बनाया

महाराष्ट्र में हुए विधान परिषद चुनाव के बाद से सियासी तेज हो गयी है. शिवसेना में बगावत की खबर आ रही है. एकनाथ शिंदे सहित 26 विधायक गुजरात में कैंप किये हुए हैं.
कांग्रेस ने महाराष्ट्र के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए अपने वरिष्ठ नेता कमलनाथ को राज्य के लिए पर्यवेक्षक बनाया है. पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को महाराष्ट्र के लिए पर्यवेक्षक बनाया है. गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को करारा झटका लगने के एक दिन बाद पार्टी के एक नेता ने मंगलवार को कहा था कि शिंदे से संपर्क नहीं हो पा रहा है. हालांकि, शिवसेना के सांसद संजय राउत ने बाद में बताया था कि शिंदे मुंबई में नहीं हैं, लेकिन उनसे संपर्क हो गया है. शिंदे सहित शिवसेना के कुछ विधायकों के सूरत के एक होटल में होने की खबर है, लेकिन इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो पायी है. शिवसेना तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ साथ कांग्रेस भी महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन एमवीए का हिस्सा है.



