7वीं बार बिहार की कमान संभालेंगे नीतीश,तारकिशोर और रेणु देवी बनेंगी डिप्टी सीएम

नीतीश कुमार सोमवार को 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की तो उपमुख्यमंत्री के तौर पर तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी शपथ लेंगी। रविवार को एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में ही दोनों का चयन भाजपा विधानमंडल दल के नेता व उपनेता के तौर पर हुआ है। राज्यपाल फागू चौहान इन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। अपराह्न साढ़े चार बजे राजभवन के राजेन्द्र मंडप में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।

नेता चुने जाने के बाद तारकिशोर देर शाम बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव और चुनाव प्रभारी सह महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पहुंचे। रात 11 बजे तक चली इस बैठक में दो उपमुख्यमंत्री को लेकर सहमति बनी। पार्टी सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी दो उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णय पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का है। तारकिशोर प्रसाद वैश्य समुदाय से हैं तो भाजपा विधानमंडल दल की उपनेता बनीं रेणु देवी नोनिया समाज से हैं।

Related Articles

Back to top button