राजस्थान-कर्नाटक के नतीजे घोषित, हरियाणा -महाराष्ट में वोटों की गिनती शुरू

चार राज्यों की 16 सीटों पर राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ.
राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं. शुक्रवार को 4 सीटों के लिए वोटिंग हुई जिसमें कांग्रेस के तीन और बीजेपी के एक उम्मीदवार की जीत हुई है.
कांग्रेस की तरफ से रणदीप सुरजेवाला, प्रमोद तिवारी और मुकुल वासनिक चुनावी मैदान में थे. चुनाव जीतने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तीनों को बधाई दी है.
एक सीट पर भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी ने जीत दर्ज की. वहीं निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को हार का सामना करना पड़ा है. सुभाष चंद्रा को बीजेपी ने समर्थन दिया था लेकिन वे जीत हासिल करने में नाकामयाब रहे.
हालांकि बीते मंगलवार सुभाष चंद्रा ने जयपुर में प्रेस वार्ता कर अपनी जीत का दावा किया था और कहा था कि कांग्रेस के आठ विधायक उनके लिए क्रॉस वोटिंग करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.
कर्नाटक में बीजेपी को तीन सीट
कर्नाटक की कुल चार सीटों में से बीजेपी के खाते में तीन और कांग्रेस के हिस्से एक सीट आई है.
कर्नाटक में बीजेपी से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अभिनेता-राजनेता जगेश और पूर्व एमएलसी लहर सिंह सिरोया को जीत मिली है.
वहीं, कांग्रेस से वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने जीत हासिल की है.
बीजेपी के पास दो ही सीटों के लिए पूर्ण बहुमत था लेकिन कांग्रेस और जनता दल (एस) के बीच सहमति ना होने से तीसरी सीट भी बीजेपी के खाते में चली गई.
जनता दल (एस) के पास राज्यसभा की एक भी सीट नहीं आई है. कर्नाटक विधानसभा में कुल 224 सीटें हैं. बीजेपी के पास 122 सदस्य हैं जबकि उसके पास एक-दो स्वतंत्र विधायकों का भी समर्थन है.
कांग्रेस के पास 69 विधायक हैं और एक स्वतंत्र विधायक का समर्थन है जबकि जनता दल सेक्युलर के कुल 32 विधायक हैं.
राज्यसभा की 57 सीटों में से 16 सीटों के लिए आज चुनाव हुए हैं. 41 सीटों पर पहले ही उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत हो चुकी है. महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक और हरियाणा में 16 सीटों पर चुनाव हुए.
इसके अलावा हरियाणा में दो सीटों के लिए और महाराष्ट्र में कुल छह सीटों के लिए मतदान हुआ है जिसका परिणाम अभी आना बाकी हैं.



