देशभर में जुमे की नमाज के बाद घमासान, दिल्ली की जामा मस्जिद से लेकर कोलकाता तक प्रोटेस्ट, सड़क पर उतरे लोग

पैगंबर मोहम्मद टिप्पणी विवाद (Prophet Muhammad Remarks) अब और बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद इसके खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं. दिल्ली की जामा मस्जिद से लेकर कोलकाता, लखनऊ औक सहारनपुर तक नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग हो रही है. पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. इन शहरों में बीजेपी की पूर्व नेता नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) और नवीन जिंदल के खिलाफ नारेबाजी हो रही है. उत्तर प्रदेश में लखनऊ और सहारनपुर के अलावा देवबंद और प्रयागराज में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. देवबंद में पुलिस को प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना पड़ा है.
जामा मस्जिद में हंगामे को लेकर पुलिस का कहना है कि यहां फिलहाल स्थिति काबू में है. मस्जिद के शाही इमाम ने कहा कि उन्हें इस विरोध प्रदर्शन के बारे में जानकारी नहीं थी. मस्जिद की तरफ से कोई विरोध प्रदर्शन बुलाया नहीं गया है. शाही इमाम ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि मस्जिद के बाहर इस तरह से विरोध प्रदर्शन होगा. इमाम ने कहा कि कुछ लोगों ने गेट नंबर एक मस्जिद चौक पर नारे लगाना शुरू किया था. इस बारे में कुछ नहीं पता कि वह लोग कौन हैं.
हैदाराबाद में भारी पुलिस बल तैनात
हैदाराबाद के मक्का मस्जिद में आज शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि नमाज के बाद कोई हंगामा न हो और शांति बनी रहे क्योंकि पिछले कुछ दिनों से हैदाराबाद के पुराने शहर लोगों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था. विवादित बयान देने के आरोप झेल रहे बीजेपी की पूर्व नेता नूपुर शर्मा, राजा सिंह और दूसरे नेताओं के खिलाफ लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. जिसकी वजह से पुराने शहर के कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.



