3 पटवारी महिला के घर संदिग्ध हालत में मिले , ग्रामीणों ने लात-घूंसे से तो एक की पत्नी ने बेलन से पीटा

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला, पटवारी पति की बेलन से पिटाई कर रही है वहीं उसकी साली महिला की लट्ठ से पिटाई कर रही है। तीनों पटवारी मित्र एक महिला के घर गए थे। पटवारियों का कहना है कि वो खाना खाने गए थे, लेकिन माजरा कुछ और ही है। काफी हंगामा होने के बाद बड़ी संख्या में गांव के लोग भी पहुंच गए। इसके बाद तीनों पटवारियों की डंडा, बेल्ट, हाथ और मुक्के से जमकर पिटाई हो गई। तीनों पटवारी अपना मुंह छिपाते रहे। वीडियो में भद्दी-भद्दी गालियां भी दी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार नैला पटवारी बुद्धेश्वर देवांगन, अमोदा-धुरकोट के पटवारी बालमुकुंद राठौर और केरा पटवारी संतोष दास मानिकपुरी 1 जून की रात किसी महिला के घर पार्टी कर रहे थे। इस बात की भनक पटवारी संतोष मानिकपुरी की पत्नी को लग गई। पति की करतूत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंची। उसने ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया और सभी ने मिलकर उक्त महिला के घर से तीनों पटवारियों को बाहर निकाला और सवाल जवाब करने लगे। इस बीच जमकर हंगामा हुआ। कुछ लोगों ने पटवारियों की मुक्का, झापड़, डंडा और बेल्ट से जमकर पिटाई शुरू कर दी।

पटवारी की पत्नी थाने आई थी, लेकिन शिकायत नहीं
मारपीट का यह वीडियो जांजगीर थाना क्षेत्र के लछनपुर गांव का बताया जा रहा है। पटवारियों की पिटाई करते समय लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया और उक्त महिला की भी धुनाई की। वहीं बीती रात इस वीडियो को किसी ने कई वाट्सएप ग्रुप पर शेयर कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस का कहना है कि कोई शिकायत थाने में नहीं की गई है। जांजगीर टीआई उमेश साहू ने बताया कि वीडियो एक हफ्ते पुराना है। घटना के बाद पटवारी की पत्नी थाने जरूर आई थी, लेकिन उन्होंने शिकायत नहीं दी है, इसलिए पुलिस ने कोई हस्तक्षेप न कर महिला को कोर्ट जाने की सलाह दी है

रंगरेलियां मनाने पहुंचने का आरोप लगा रहे ग्रामीण
मारपीट की घटना का यह वीडियो 1 जून की रात का है। महिला के घर काफी देर तक हंगामा चलता रहा और मान मनौवल कर लेन-देन के बाद मामला निपटा भी लिया गया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में है। यह भी बताया जा रहा है कि पटवारी कई दिनों से उस महिला के घर आ रहे थे, जिसकी भनक पटवारी की पत्नी और ग्रामीणों को लग चुकी थी। सभी सही मौके का इंतजार में थे। इधर पटवारियों पर गांव वाले पार्टी करने के बहाने महिला के घर रंगरेलिया मानने का भी आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना कि गांव का माहौल खराब होने नहीं देंगे।

Related Articles

Back to top button