छत्तीसगढ़ियों के नाम पर बाहरी को लाभ- नेता प्रतिपक्ष धरमलाल, सुशील का पलटवार- नाहक चिंता कर रही बीजेपी

छत्तीसगढ़ के कोटे से राज्यसभा कौन जाएगा, कौन नहीं यह अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ियों की बात कहते हैं। कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ियों के लिए सब कुछ करने का दावा करती है, लेकिन लाभ अर्जित करने, बड़े-बड़े काम में सिर्फ उनका नाम लिया जाता है और लाभ बाहरी व्यक्तियों को मिलता है। राज्यसभा सीट की बात आई तब किसी को बोलने का अधिकार नहीं है कहते हैं। कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ियों का कितना हित हुआ है। यह आज नहीं बल्कि कांग्रेस का इतिहास देख लीजिये। इनको छत्तीसगढ़ से राज्यसभा भेजने लायक व्यक्तित्व नहीं मिलते हैं। बाहर से नामांकित किया जाता है।
कौशिक ने कहा कि यह कांग्रेस का मामला नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ का मामला है। छत्तीसगढ़ के कोटे से राज्यसभा जाते हैं तो सांसद निधि की राशि में छत्तीसगढ़ियों का अधिकार है। उस राशि का खर्च कहां पर होता है। मोहसिना किदवई राज्यसभा गईं। केटीएस तुलसी जी अभी हैं। उनकी सांसद निधि का खर्च कहां हो रहा है। यह छत्तीसगढ़ियों को जानने का अधिकार है। कांग्रेस केवल छत्तीसगढ़ियों के नाम से उनका शोषण न करें। उनको लूटने का प्रयास न करें बल्कि दोनों सांसदों की कितनी राशि कहां-कहां खर्च हुआ है, उसका सार्वजनिक प्रकाशन किया जाना चाहिए। कौशिक ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ियों की बात करते हैं तो छत्तीसगढ़ के लोगों को राज्यसभा क्यों नहीं भेजा जाना चाहिए।
भाजपा अपनी पीड़ा क्यों जाहिर कर रही
भाजपा पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्यसभा के दावेदारों के विषय में भारतीय जनता पार्टी नाहक चिंता कर रही है। भाजपा को जनता ने क्या इस लायक बनाया है कि राज्यसभा के उम्मीदवार तय करें। राज्यसभा में कांग्रेस के उम्मीदवार जाएंगे। जनता ने 3 चौथाई बहुमत विधानमंडल में दिया है। दोनों सीटें पर कांग्रेस के उम्मीदवार जाएंगे। भाजपा रोज बयान देकर अपनी पीड़ा क्यों जाहिर कर रही है। कौन जाएगा, कौन योग्य है यह निर्णय लेने का अधिकार कांग्रेस नेतृत्व के पास है। कांग्रेस का राज्य और केंद्र का नेतृत्व बैठकर फैसला करेंगे। यह निर्णय लेना का अधिकार लोकतंत्र में उसी पार्टी को है, जिसका बहुमत है। भाजपा कुछ भी बयानबाजी कर अपना खीझ क्यों निकाल रही है।
सीट के दावेदारों में यह नाम भी सामने
राज्यसभा की दोनों सीटें कांग्रेस के खाते में जाएगी। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की तरफ से एक सीट स्थानीय नेता और दूसरी राष्ट्रीय नेता के लिए आरक्षित किये जाने के आसार बन रहे हैं। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद बनने वाले नेताओं में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल और पी. चिदंबरम के नामों की भी चर्चा है। हालांकि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नाम का दावा 2 साल पहले से किया जा रहा है। वहीं स्थानीय स्तर पर 4 चेहरे गिनाए जा रहे हैं। यह बात भी तय है कि कांग्रेस आलाकमान उन्ही नामों पर अपनी मुहर लगाएंगी, जिनकी सिफारिश सीएम भूपेश बघेल करेंगे। बता दें कि भाजपा के रामविचार नेताम और कांग्रेस की छाया वर्मा का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो रहा है। राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 24 मई को जारी की जाएगी। राज्यसभा के लिए 31 मई तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा और जरूरत पड़ी तो 10 जून को राज्यसभा के लिए मतदान कराया जाएगा।



